Vitamin D Deficiency Symptoms: शरीर के लिए जिस तरह से विटामिन ए, बी, सी, ई, के की जरूरत होती है, ठीक उसी तरह से विटामिन डी भी जरूरी होता है. विटामिन डी लंबी उम्र तक हड्डियों, दांतों, इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखता है. इसका मुख्य सोर्स धूप है, लेकिन इसकी पूर्ति कुछ खाद्य पदार्थों के जरिए भी की जा सकती है. जब त्वचा धूप के संपर्क में आती है तो शरीर विटामिन डी का निर्माण करता है. शरीर में विटामिन डी की कमी होने के कई संकेत नजर आते हैं. मेडिकलन्यूजटुडे डॉट कॉम में छपी खबर के अनुसार जानते हैं शरीर में विटामिन डी की कमी के नजर आने वाले कुछ लक्षणों के बारे में.
यदि आप धूप में प्रतिदिन 15 मिनट नहीं बैठते हैं या फिर विटामिन डी युक्त चीजों का सेवन बेहद कम करते हैं तो आपको एक दिन विटामिन डी की कमी हो सकती है. यदि आपको कोई चोट लगती है या घाव होता है और वह जल्दी ठीक नहीं हो रहा हो तो यह संभवत: विटामिन डी की कमी के कारण हो सकता है. विटामिन डी घावों को भरने में शरीर को सपोर्ट करता है, लेकिन इसकी कमी होने से यह संभव नहीं हो पाता है. इससे घाव भरने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है. डायबिटीज रोगियों में घाव जल्दी नहीं भरता है, ऐसे में वे विटामिन डी सप्लीमेंट लें तो घाव जल्दी भर सकता है.
यदि आपको कुछ दिनों से डिप्रेशन जैसा महसूस हो रहा है तो हो सकता है विटामिन डी की कमी के कारण ऐसा हो रहा हो. विटामिन डी की कमी होने से मानसिक अवस्था भी प्रभावित होती है. डिप्रेशन शरीर में विटामिन डी की कमी होने का एक मुख्य संकेत हो सकता है. विटामिन डी की कमी होने से मूड भी प्रभावित होता है. आप डिप्रेशन की समस्या से जूझ रहे हैं तो डॉक्टर से जरूर संपर्क करें. साथ ही विटामिन डी सप्लीमेंट्स का सेवन कर सकते हैं.
क्या आपको बार-बार थकान महसूस होती है? बिना कोई शारीरिक मेहनत किए ही जब आपको थकान, सुस्ती महसूस हो तो ये विटामिन डी की कमी के लक्षण हो सकते हैं. इसकी कमी से एनर्जी लेवल भी कम होने लगती है. हालांकि, थकान कई अन्य समस्याओं के कारण भी हो सकती है. हालांकि, विटामिन डी की कमी होने पर थकान कई बार सिरदर्द, नींद की कमी और हड्डियों में लगातार दर्द के कारण भी होती है.
कई बार लगातार कमर में दर्द होना भी विटामिन डी की कमी का संकेत होता है. चूंकि, विटामिन डी की कमी का सीधे कनेक्शन हड्डियों की सेहत से है, ऐसे में विटामिन डी की कमी होने से हड्डियों को नुकसान पहुंचता है, जिससे आपको हड्डियों में दर्द हो सकती है. विटामिन डी कैल्शियम को अवशोषित करने की शरीर की क्षमता को बढ़ाकर हड्डियों का पोषण करता है. ऐसा देखा गया है जिन लोगों को गठिया, मांसपेशियों और पीठ में दर्द होता है, उनमें विटामिन डी का स्तर काफी कम होता है.
हेल्थ डॉट यूएनएल डॉट एडु के अनुसार, विटामिन डी की कमी कैसे करें दूर- विटामिन डी का मुख्य सोर्स है धूप. ऐसे में आपको प्रतिदिन सुबह की धूप में कम से कम 15 से 20 मिनट जरूर बैठना चाहिए. इसके अलावा, आप प्रतिदिन दूध, दही, अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स, बादाम का दूध, सोया मिल्क, अंडे का पीला भाग, फिश ऑयल, फिश लिवर, सैल्मन, टूना मछली, संतरे का जूस आदि का सेवन करके विटामिन डी की पूर्ति कर सकते हैं. साथ ही डॉक्टर की सलाह पर विटामिन डी सप्लीमेंट का सेवन शुरू कर सकते हैं।